Bihar News:बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को सुदृढ बनाए रखने के लिए स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस (SAP) में कार्यरत जवानों की सेवा अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। बिहार पुलिस के अंतर्गत कार्यरत 1717 सैप कर्मियों में-1698 जवान, 10 जेसीओ और 9 रसोइया शामिल हैं ।
चौधरी ने कहा कि सैप जवानों को सेवा विस्तार मिलने से बिहार में उग्रवाद, हिंसा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। कहा कि सैप जवानों-कर्मियों की अनुबंध अवधि वित्तीय वर्ष 2025-26 तक बढायी दी गई है । राज्य सरकार ने इसके लिए कुल 43.66 करोड (तैंतालीस करोड़ छियासठ लाख इक्यावन हजार छह सौ) रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है।
उन्होंने बताया कि बिहार में पहली एनडीए सरकार बनने पर कानून-व्यवस्था की स्थिति में तेजी सुधार करने के लिए सैप का गठन 2006 में किया गया था। इसमें भारतीय सेना से सेवानिवृत्त जवानों को अनुबंध पर बहाल किया गया था। राज्य सरकार समय-समय पर सैप की संख्या और अनुबंध अवधि में विस्तार करती रही है। वर्तमान स्वीकृति भी उसी कड़ी में है।
उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि सैप व्यवस्था से जहाँ बिहार के पुलिस बल को सहयोगी शक्ति मिली, वहीं सेना से सेवानिवृत्त अनुभवी और प्रशिक्षित जवानों को अपनी सेवाएँ जारी रखने का अवसर मिला।